ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूलों में लौटी चहल-पहल, विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया गया स्वागत

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई। प्रदेश के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में छात्रों की वापसी के साथ एक बार फिर स्कूल परिसरों में रौनक लौट आई। पहले दिन विद्यार्थियों का शिक्षकों द्वारा तिलक लगाकर और पुस्तकें भेंट कर स्वागत किया गया।

          राज्य में 16 जून से 27 जून तक शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान नए विद्यार्थियों के प्रवेश को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 30 जून को इस उत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तकें और साइकिलों का वितरण किया जाएगा। प्रदेशभर के स्कूलों में पहले दिन बच्चों के चेहरों पर उत्साह देखने को मिला। विशेष रूप से पहली बार विद्यालय पहुंचे नौनिहालों के लिए यह दिन यादगार रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत कर नए सत्र की शुरुआत को उत्सव का रूप दिया।

          इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्साह के साथ नियमित रूप से विद्यालय आने तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज की मेहनत और शिक्षा ही आने वाले समय में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बनेगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के बच्चे अपनी प्रतिभा और परिश्रम से प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related