सक्ती के डोमाडीह गांव में घटना से मचा हड़कंप, प्रशिक्षु थाना प्रभारी पर मारपीट का आरोप, कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों में आक्रोश
सक्ती (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के डोमाडीह गांव में जुआ पकड़ने पहुंची पुलिस की कार्रवाई के दौरान तालाब में कूदे युवक का शव दो दिन बाद बरामद हुआ है। 48 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद महेशराम केंवट का शव तालाब में तैरता मिला। युवक की मौत के बाद गांव में तनाव और परिजनों में भारी आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशिक्षु थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार घटना 22 नवंबर की देर रात की है। डोमाडीह गांव में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान महेशराम केंवट के पुलिस से बचने के लिए तालाब में कूदने की बात सामने आई। इसके बाद युवक का कोई पता नहीं चल सका। काफी तलाश के बावजूद जब वह नहीं मिला तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की। युवक की तलाश के लिए पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम भी लगातार जुटी रही। तालाब में खोजबीन के लिए बचाव अभियान चलाया गया। करीब दो दिनों तक तलाश जारी रहने के बाद आखिरकार महेशराम का शव तालाब में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्रशिक्षु थाना प्रभारी पर मारपीट का आरोप
युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के दौरान युवक के साथ मारपीट की गई थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन
शव बरामद होने के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद रही। घटना को लेकर परिजनों में नाराजगी बनी हुई है। वे प्रशिक्षु थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर गांव में भी चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल युवक की मौत के बाद उठे सवालों के बीच परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाते हैं और परिजनों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।

