सीएमडी हरीश दुहन बोले- टीम एसईसीएल में हर लक्ष्य हासिल करने का माद्दा, नवाचार और निरंतर प्रयास से कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस समारोह का मंगलवार, 24 नवंबर को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी के विशेष सत्र ने अधिकारियों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार किया। वहीं, कंपनी के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने टीम एसईसीएल की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा कि संगठन के प्रत्येक कर्मचारी में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का माद्दा है। जरूरत सिर्फ अपने काम में निरंतर सुधार और अतिरिक्त प्रयास करने की है।

स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी का विशेष सत्र रहा। उन्होंने दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी दौड़ को शुरू करना आसान होता है, लेकिन उसे सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास, धैर्य और दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्होंने एसईसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने रोजमर्रा के कार्यों में नए प्रयोग करने तथा कामकाज को बेहतर बनाने के तरीके तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी अपने स्तर पर सुधार की पहल करते हैं और नए विचारों को व्यवहार में लाते हैं, तो उसका सकारात्मक परिणाम पूरे संगठन को मिलता है। नवाचार और निरंतर प्रयास ही किसी भी संस्थान को प्रगति के नए मुकाम तक पहुंचाते हैं।
देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला कर्मियों की अहम भूमिका : हरीश दुहन
समारोह के मुख्य अतिथि सीएमडी हरीश दुहन ने अपने संबोधन में कोयला कर्मियों के दायित्व को राष्ट्र सेवा से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह एक सैनिक सीमा पर देश की सुरक्षा करता है, उसी तरह कोयला कर्मी देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। देश की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त कोयला उपलब्ध कराना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि टीम एसईसीएल पर उन्हें पूरा विश्वास है। यदि प्रत्येक कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करे तो कंपनी अपने निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों को आसानी से हासिल कर सकती है। उन्होंने सम्मानित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
उत्कृष्ट खदानों और क्षेत्रों को मिले पुरस्कार
स्थापना दिवस के पहले दिन आयोजित पुरस्कार समारोह में विशेष अभियान-6, नारी शक्ति, नवाचार, खेलकूद, युवा उपलब्धि, सर्वश्रेष्ठ विभाग और उत्कृष्ट संविदा कर्मी सहित अनेक श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। भूमिगत खदानों की श्रेणी में सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान ने पहला स्थान हासिल किया। बैकुंठपुर क्षेत्र की पांडवपारा खदान दूसरे स्थान पर रही, जबकि सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा और जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला। खुली खदानों की श्रेणी में भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान ने बाजी मारी। रायगढ़ क्षेत्र की बरौद खदान दूसरे और सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई खदान तीसरे स्थान पर रही। क्षेत्रीय प्रदर्शन के आधार पर रायगढ़ क्षेत्र को प्रथम, भटगांव को द्वितीय और बैकुंठपुर क्षेत्र को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, सर्वाधिक वृद्धि के लिए मेगा खुली खदानों की श्रेणी में कुसमुण्डा तथा भूमिगत खदानों की श्रेणी में हल्दीबाड़ी खदान को सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंचि दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व निदेशक (मानव संसाधन) आर.एस. सिंह, पूर्व निदेशक (वित्त) ए.आर. कोमावर और जी. श्रीनिवासन सहित संयुक्त सलाहकार समिति, कल्याण बोर्ड और सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे। सिस्टा, ओबीसी एवं एससी-एसटी एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों ने भी समारोह में सहभागिता की।
पलाश सेन की प्रस्तुति से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह बुधवार, 25 नवंबर को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा। इसमें कंपनी के 15 से अधिक पूर्व अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक और निदेशक शामिल होंगे। वहीं, शाम को वसंत विहार मैदान में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें मशहूर पॉप गायक डॉ. पलाश सेन अपने लोकप्रिय बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ प्रस्तुति देंगे। स्थापना दिवस के इस आयोजन को लेकर एसईसीएल परिवार में उत्साह का माहौल है।
कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस पर एसईसीएल ने सोशल मीडिया में हासिल किया पहला स्थान

