मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने शुरू किया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलेभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है।

          भारतीय जनता पार्टी

          भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत आत्मानंद स्कूल, एनसीडीसी स्थित सुभाष ब्लॉक में जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृशक्ति के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिससे जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक पार्टी द्वारा ‘‘12 साल विकास, विश्वास और जनकल्याण के’’ विषय पर विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।

          कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, पवन गर्ग, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन एवं रुक्मणी नायर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और लोगों ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता का भरोसा जताया।

          भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस, गोष्ठी आयोजित कर बताई गई उपलब्धियां

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related