ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत, 13 को सुरक्षित बचाया गया

      Date:

      • भारतीय झंडे वाले मालवाहक जहाज ‘एमएसवी अल जुसीफी’ को अज्ञात हवाई वस्तु ने बनाया निशाना, मंत्रालय और भारतीय दूतावास नाविकों की मदद में जुटे

      ओमान। ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में गुजरात के एक नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद समुद्री मार्गों पर भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी और नाविक की मौत पर शोक जताया।

          हमले का शिकार हुए जहाज की पहचान ‘एमएसवी अल जुसीफी’ के रूप में हुई है। जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। ओमान के तट के पास समुद्री मार्ग से गुजरने के दौरान जहाज को एक अज्ञात हवाई वस्तु ने निशाना बनाया। हमले में गुजरात निवासी गंधार नाहिम अजीज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में मौत हो गई। घटना के बाद ओमान के तटरक्षक बल ने जहाज पर मौजूद 13 अन्य नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा कर मृत नाविक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। नाविकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही सभी 13 जीवित सदस्यों और मृत नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है।

          खाड़ी क्षेत्र में तनाव से बढ़ी चिंता

          खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच यह घटना समुद्री व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली है। अमेरिका-ईरान संघर्ष और हूती हमलों के चलते इस क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा पहले से ही चुनौती बनी हुई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी 2026 में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद से अब तक कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें 14 नाविक बताए गए हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य सहित मध्य पूर्व के प्रमुख समुद्री मार्गों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे के बीच ओमान के तट के पास हुई ताजा घटना ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा फिर चर्चा में ला दिया है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related