मंत्री लखनलाल देवांगन की मौजूदगी में विजेताओं को पुरस्कार वितरण
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा सीनियर क्लब, कोरबा पूर्व में विशाल शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से 170 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी के कारण यह जिले की प्रमुख शतरंज प्रतियोगिताओं में शामिल रही।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि संजीव कंसल (मुख्य अभियंता), विशिष्ट अतिथि राणा विश्वकर्मा (जिला शतरंज संघ अध्यक्ष) तथा विशेष अतिथि अभियंता योगेश गोयल उपस्थित रहे। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शतरंज खेल को मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए आयोजन की सराहना की। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी विजेताओं को आकर्षक ट्रॉफी और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को पदक एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
लकी ड्रा में आरव साहू को मिली साइकिल
प्रतियोगिता के दौरान पावर हाउस मार्ग स्थित इंदर साइकिल की ओर से आयोजित विशेष लकी ड्रा में आरव साहू को साइकिल पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा अन्य सहयोगी संस्थाओं ने बच्चों को लेखन सामग्री, संगणक सामग्री सहित अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई। प्रतियोगिता का संचालन निर्णायक रितेश यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अंश अग्रवाल, राहुल सिंघल, त्रिलोकी नाथ बजाज, निश्चल टमकोरिया सहित जेसीआई परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जेसीआई कोरबा सेंट्रल ने कराया स्पीच क्राफ्ट का भव्य आयोजन, छत्तीसगढ़-ओडिशा से पहुंचे प्रतिभागी

