कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम स्पीच क्राफ्ट का शानदार आयोजन 17 से 19 अप्रैल तक होटल श्री गणेश इन, कोरबा में किया गया। इस प्रशिक्षण में वक्तृत्व कला निखारने, व्यक्तित्व विकास और कुशल प्रशिक्षक बनने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण में पायलट फैकल्टी जेसी सीए ख्याति भंडारी (बूंदी, राजस्थान), को-पायलट जेसी आरएसवी कृष्णा (बरगढ़, ओडिशा) और जेसी आंचल पंजवानी (रायपुर) विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेसी ई. राज अग्रवाल थे। कार्यक्रम में जेसीआई इंडिया जोन-27 के अध्यक्ष जेसी सीए प्रणव लाठ, जोन डायरेक्टर ट्रेनिंग जेसी अभिलाष अग्रवाल, जोन वाइस प्रेसिडेंट जेसी अंकित टमकोरिया सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, माला पहनाकर, पगड़ी बांधकर और ढोल-ताशों के साथ किया गया। इस बार कार्यक्रम की थीम पंचतत्व रखी गई थी। प्रतिभागियों को प्रभावी वक्तृत्व कौशल विकसित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
पंचतत्व थीम पर बच्चों ने किया नृत्य
शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों ने पंचतत्व थीम पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। हास्य कवि हीरामणि वैष्णव ने स्टैंडअप कॉमेडी से सभी का मनोरंजन किया। प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों ने भी ग्रुप डांस प्रस्तुत किया। 18 अप्रैल की सुबह प्रतिभागियों को व्यायाम और जुंबा कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से बोलने की शैली और बॉडी लैंग्वेज सुधारने के टिप्स दिए गए।
स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
19 अप्रैल को समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व जोन अध्यक्ष सीए अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उत्कृष्ट प्रतिभागियों, अतिथियों और जेसीआई कोरबा सेंट्रल की कार्यकारिणी टीम को स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जेसीआई कोरबा सेंट्रल के अध्यक्ष जेसी सीए त्रिलोकी नाथ बजाज ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए सभी पूर्व अध्यक्षों और अपनी पूरी टीम का आभार जताया। संस्था के सचिव एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर जेसी निश्चल टमकोरिया ने बताया कि यह प्रशिक्षण व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक सशक्त पहल साबित हुआ है।

