कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर कोरबा और सक्ती जिले से चोरी की गई कुल चार मोटरसाइकिलें तथा एक मोटरसाइकिल का साइलेंसर बरामद किया गया है।
पहले मामले में ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी को निशाना बनाया गया था। 10 अक्टूबर 2026 को दुकान बंद कर संचालक के घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल और एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं। मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे हैं। इसके बाद बरपाली के भट्ठी रोड पर घेराबंदी कर शुभम कुमार कंवर और विनय कुमार कंवर को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने शोरूम से बाइक और बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बाइक का साइलेंसर निकालकर घर में छिपा दिया था। पुलिस ने मोटरसाइकिल और साइलेंसर बरामद कर लिया। बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी में फेंकने की बात आरोपियों ने बताई। पूछताछ के दौरान सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल का भी पता चला, जिसे पुलिस ने बरामद किया।
भैसमा बाजार से बाइक चोरी करने वाले भी पकड़ाए
दूसरे मामले में 25 अक्टूबर की शाम भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 चोरी हो गई थी। वाहन मालिक के अनुसार, वह बाइक खड़ी कर करीब एक घंटे बाद लौटा तो मोटरसाइकिल गायब थी। जांच के दौरान पुलिस को सागौन बाड़ी, भैसमा के पास दो संदिग्धों के घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर महेन्द्र चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर सक्ती जिले के नगरदा क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, बालक निरुद्ध
पुलिस ने पहले मामले में शुभम कुमार कंवर (18 वर्ष) और विनय कुमार कंवर (19 वर्ष) तथा दूसरे मामले में महेन्द्र चौहान (18 वर्ष 4 माह) को गिरफ्तार किया है। दूसरे मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है। तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई की है।कोरबा जिले से चोरी की दो और सक्ती जिले से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, साथ ही एक मोटरसाइकिल का साइलेंसर। उरगा पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों जिलों में हुई वाहन चोरी की चार वारदातों का खुलासा हुआ है।

