कोरबा-चांपा हाईवे पर दो हादसों से मचा हड़कंप, युवक की मौत, आरक्षक समेत 6 घायल

      Date:

      • नवलपुर के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद भीड़ में घुसी बेकाबू कार

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो सड़क हादसों से अफरा-तफरी मच गई। पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ में एक तेज रफ्तार कार घुस गई, जिससे पुलिस आरक्षक समेत छह लोग घायल हो गए। लगातार हुए हादसों के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

          जानकारी के अनुसार, नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में धनेश्वर श्रीवास के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। पहले हादसे के बाद लोग घटनास्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। इसकी चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराने के बाद रुकी। बताया जा रहा है कि कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस विभाग के एक आरक्षक को भी चोटें आई हैं। कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की बताई जा रही है।

          युवक की पिटाई का वीडियो वायरल

          धनेश्वर श्रीवास की मौत के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। लगातार दो हादसों और मारपीट की घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया। दशहरा पर्व के आयोजनों के कारण इन दिनों क्षेत्र में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related