सामाजिक सौहार्द बनाए रखने संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ कार्य करें अधिकारी : कलेक्टर दुदावत

      Date:

      • कलेक्टर कुणाल दुदावत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने ली संयुक्त बैठक, अफवाहों पर निगरानी, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और लंबित मामलों के निराकरण पर दिया जोर

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सतर्कता बढ़ाने की तैयारी की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में आगामी त्योहारों, धान खरीदी सीजन, यातायात व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं और जन शिकायतों के निराकरण पर चर्चा की गई।

          कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका वाले मामलों की समय रहते पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए, ताकि वे आगे चलकर गंभीर रूप न लें। संवेदनशील और धार्मिक मामलों में विशेष सतर्कता बरतते हुए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करने, संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित करने और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सामग्री की निगरानी के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं बरतने तथा परिस्थितियों के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव सहित राजस्व, पुलिस और सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी तहसीलदार और थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।

          त्योहारों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

          आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम, नगर पालिका, पुलिस, परिवहन विभाग और व्यापारी संगठनों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। दुकानों के बाहर सड़क पर सामान रखने और अस्थायी बाजारों के कारण जाम की स्थिति बनने पर संबंधित दुकानदारों को समझाइश देने तथा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं द्वारा निर्धारित स्थानों पर कराने और दुकानों व भंडारण स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच करने को भी कहा गया।

          मिलावट, ध्वनि प्रदूषण और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई

          त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर मिलावट की जांच करने और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा निर्धारित समय के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बजाने, ध्वनि संबंधी नियमों का उल्लंघन करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

          एसईसीएल से जुड़े लंबित मामलों का होगा निराकरण

          बैठक में एसईसीएल क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अनुविभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित प्रकरणों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। इनमें किसानों और प्रभावित परिवारों के आवेदन, रोजगार संबंधी मामले तथा धरना-प्रदर्शन एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने पुराने मामलों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने और प्रत्येक पखवाड़े समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति की जानकारी लेने को कहा। साथ ही अनुविभाग एवं विकासखंड स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।

          एसपी बोले- समन्वय से करें हर चुनौती का सामना

          पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक गतिविधियों सहित कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले घटनाक्रमों पर सतर्क निगरानी जरूरी है। उन्होंने सूचना तंत्र को मजबूत बनाने और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि किसी भी घटना के दौरान अधिकारियों का व्यवहार संयमित, संवेदनशील और सहयोगपूर्ण होना चाहिए। आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय से काम करने तथा किसी भी चुनौती की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

          कलेक्टर की जिलेवासियों से अपील

          कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। यातायात, ध्वनि और अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।

          नागरिकों का आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाने सड़कों-पुलों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related