जेसीबी से बस हटाकर निकाले गए शव और यात्री, बैरागढ़ से चंबा जा रही थी निजी बस
चंबा/भरमौर। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 3 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, निजी बस सुबह करीब 7 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बैरागढ़ से कुछ दूरी पर चालुंज मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और करीब 50 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पलटते ही अंदर बैठे यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे और कई लोग बस में फंस गए। बचाव कार्य के दौरान लोगों की चीखें सुनाई देती रहीं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से बस को हटाया गया, जिसके बाद अंदर फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला गया।
11 घायलों को अस्पताल भेजा गया
घायलों को तत्काल तीसा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। एसपी विजय कुमार सकलानी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। बस बैरागढ़ से चंबा जा रही थी और चालुंज मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

