उप निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से सम्पन्न, 78.98 प्रतिशत हुआ मतदान

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के तहत रिक्त पदों के लिए सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

          त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026

          निर्वाचन के तहत जिले में नगरीय क्षेत्र में पार्षद के एक पद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच के एक, पंच के छह एवं जनपद सदस्य के तीन पदों सहित कुल 11 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों में मतदाताओं की आवाजाही देखी गई और शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। नगरीय निकाय क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक-15 में पार्षद पद के लिए मतदान कराया गया। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत करतला, पाली एवं पोड़ी उपरोड़ा विकासखंडों में जनपद सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ। इसके अलावा करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंच पदों के लिए भी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

          पुरुष मतदान 78.21 व महिला मतदान 79.77 प्रतिशत

          निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन में जिले में कुल 78.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसमें पुरुष मतदान प्रतिशत 78.21 तथा महिला मतदान प्रतिशत 79.77 रहा, जो महिला मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी मतदान केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान कार्य का सफल संचालन किया।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related