कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। बड़ी संख्या में पहुंचे आमजनों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं के निराकरण के लिए जिला प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में पहुंचे प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनदर्शन के दौरान तालाब गहरीकरण, भूमि एवं राजस्व विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति, पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ, राशन कार्ड, पट्टा, सीमांकन, भूमि डायवर्जन, खाता विभाजन, विद्युत व्यवस्था सुधार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े मामलों सहित विभिन्न समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। कुल 140 से अधिक प्रकरण प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए आवश्यक जांच एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। जनदर्शन कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल एवं ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

