डीएलसीसी एवं डीएलआरसी की तिमाही बैठक संपन्न
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की तिमाही बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बेरोजगार एवं इच्छुक युवाओं द्वारा प्रस्तुत ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए, ताकि युवा स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत आवेदन करने वाले हितग्राहियों के ऋणों की शीघ्र स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश भी बैंकों को दिए। बैठक का संचालन एलडीएम कृष्ण भगत द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अतिरिक्त कलेक्टर ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज, आरबीआई एलडीओ अविनाश कुमार टोप्पो, नाबार्ड डीडीएम एस.के. प्रधान, महाप्रबंधक विजय कुमार करे, डीएमएम अनुराग जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। कलेक्टर दुदावत ने शासन प्रायोजित योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित वार्षिक ऋण लक्ष्यों को फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं, किसानों एवं सूक्ष्म उद्यमियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना जिले के आर्थिक विकास के लिए आवश्यक है। सभी बैंक शाखा प्रबंधकों ने समयसीमा में लक्ष्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। बैठक में पीएमएसबीवाई एवं पीएमजेजेबीवाई योजनाओं के अंतर्गत लंबित दावों के त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील निपटान के निर्देश दिए गए, ताकि दिवंगत हितग्राहियों के परिजनों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके। आरबीआई एलडीओ श्री टोप्पो ने आगामी फाइनेंशियल लिटरेसी वीक के प्रभावी आयोजन की जानकारी देते हुए वित्तीय साक्षरता को जन-जन तक पहुँचाने पर बल दिया।
समग्र विकास में बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका अनिवार्य
नाबार्ड डीडीएम एस.के. प्रधान ने प्राथमिकता क्षेत्र ऋण, विशेषकर कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए किसानों की आय वृद्धि हेतु किसान उत्पादक संगठन के गठन को प्रोत्साहित करने की बात कही। मत्स्य पालन, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभागों ने केसीसी ऋण वितरण बढ़ाने का अनुरोध किया। अंत में कलेक्टर दुदावत ने कोरबा को अस्पिरेशनल जिला बताते हुए कहा कि जिले के समग्र विकास में बैंकिंग क्षेत्र की सक्रिय भूमिका अनिवार्य है। उन्होंने सभी बैंकों से शासन की योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
सड़क सुरक्षा सुदृढ़ व समयबद्ध कार्रवाई करने प्रभारी कलेक्टर ने दिए निर्देश

