Thursday, February 26, 2026

सटीक जानकारी के साथ जनगणना के कार्य को समय-सीमा में पूर्ण कराना हमारी जिम्मेदारी: कलेक्टर दुदावत

Date:

कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण और मकानों की गणना हेतु जिले में जिला स्तरीय प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए अधिकारियों से कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसे सटीक जानकारी के साथ, समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना आवश्यक है। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को लेखित दिशा-निर्देश उपलब्ध होने और प्रशिक्षण के दौरान चरणबद्ध जानकारी दी जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण जितना बेहतर होगा, फील्ड में कार्य उतना ही सहज और प्रभावी होगा। अधिकारियों को टीमवर्क के साथ हर घर तक पहुँचकर सही जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

जनगणना 2027

राष्ट्रीय प्रशिक्षक और जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक अशोक मिश्रा ने अधिकारियों को जनगणना परिचय, पदाधिकारियों की भूमिका, कानूनी प्रावधान, कोष प्रबंधन, जनशक्ति और प्रचार गतिविधियाँ, सीएमएमएस मॉड्यूल और उपयोगकर्ता पंजीकरण सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संग्रहित जानकारी को बाहर साझा नहीं किया जा सकता। प्रगणकों के लिए अलग मोबाइल ऐप और नागरिकों के लिए अलग ऐप उपलब्ध होगा। प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे और मोबाइल ऐप में डेटा प्रविष्ट करेंगे। नागरिकों द्वारा भरी गई जानकारी तब तक मान्य नहीं होगी, जब तक अधिकृत प्रगणक द्वारा सत्यापन नहीं किया जाता। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में छत्तीसगढ़ में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। पूरी प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक पूर्ण हो जाएगी। फील्ड में प्रगणकों की संख्या 2353, रिज़र्व 246, पर्यवेक्षक 402, रिज़र्व 52 और फील्ड ट्रेनर 53 की आवश्यकता होगी। राष्ट्रीय प्रशिक्षक ने अधिकारियों को मकानों की गणना, परिवार की परिभाषा, मकानों में नम्बरिंग, चार्ज अधिकारियों के अधिकार और दायित्वों के बारे में भी जानकारी दी।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर ओंकार यादव, उप संचालक मोहन सिंह कँवर, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला एनआईसी अधिकारी हेमंत जायसवाल और चार्ज अधिकारी के रूप में तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से ग्रहण कर फील्ड में दक्षता के साथ लागू करें और नागरिकों को यह स्पष्ट करें कि जनगणना से किसी योजना की पात्रता प्रभावित नहीं होगी।

Share post:

Popular

More like this
Related