रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के नए अवसरों का द्वार खुल रहा है। 9 मार्च को विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर और डॉ. रेड्डीस फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जाएगा। यह कैम्प सुबह 10 बजे सुंदर नगर स्थित ग्रो रायपुर केंद्र (पीडब्ल्यूडी मकान नंबर 843, कुशालपुर फ्लायओवर के पास) लगाया जाएगा।
विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर की उपसंचालक डॉ. शशी अतुलकर ने बताया कि इस कैम्प में कई निजी कंपनियों के प्रतिनिधि साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती करेंगे। इसमें प्रमुख रूप से फ्लिपकार्ट, बिग बास्केट और टपरी द कैफे जैसी कंपनियां शामिल होंगी। डॉ. अतुलकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक मूकबधिर दिव्यांगजन इस कैम्प में भाग ले सकते हैं। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होना अनिवार्य है।
कैम्प में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को 10वीं, 12वीं या स्नातक की अंकसूची, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की मूल और फोटोकॉपी तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। उपसंचालक डॉ. अतुलकर ने पात्र अभ्यर्थियों से कहा कि यह एक सुनहरा अवसर है और इसे अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

