कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। एनटीपीसी प्लांट में ठेका मजदूरों ने बुधवार को काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। बड़ी संख्या में मजदूर गेट नंबर-2 पर एकत्रित होकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे, जिससे प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

एनटीपीसी में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के ठेका मजदूर एकजुट होकर आंदोलन में शामिल हुए। उनकी प्रमुख मांगों में 8 घंटे की निर्धारित ड्यूटी के बाद अतिरिक्त कार्य के लिए ओवरटाइम (ओटी) का भुगतान और केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय के अनुसार वेतन सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा अन्य सुविधाओं की भी मांग की जा रही है। स्थिति को देखते हुए पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और प्रबंधन के हस्तक्षेप के बाद कुछ मजदूरों को गेट के भीतर बुलाकर बातचीत की गई, लेकिन अधिकांश श्रमिक काम पर लौटने को तैयार नहीं हुए।
मांगे पूरी नहीं होने तक आंदोलन रहेगा जारी
मजदूरों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने पेमेंट स्लिप और एसपीसी रेट की मांग को लेकर किसान सभा के नेतृत्व में गेवरा महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव भी किया और गेट के बाहर नारेबाजी की। गौरतलब है कि इससे पहले पावर प्लांट और बालको पावर प्लांट में भी ठेका मजदूरों ने हड़ताल की थी, जिसे समझाइश के बाद समाप्त कर दिया गया था। अब एनटीपीसी और एसईसीएल में बढ़ता श्रमिक आंदोलन प्रबंधन के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है।

