जगदलपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा परिवहन आरक्षक भर्ती के लिए 19 अप्रैल को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। बस्तर जिले में बनाए गए 21 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5720 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगी।
प्रशासन ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जबकि सुबह 10:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों में मेटल डिटेक्टर के माध्यम से जांच की जाएगी। बिना वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। पहचान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड अनिवार्य किया गया है। प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।
ड्रेस कोड का पालन जरूरी
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े और चप्पल पहनना अनिवार्य किया गया है। जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी एवं आभूषण पहनकर आने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन की ही अनुमति होगी। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

