बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 245 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1.22 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
मुखबिर की सूचना पर एसीसीयू और रतनपुर पुलिस ने भेड़ीमुड़ा नवापारा चौक पर घेराबंदी की। संदिग्ध मारुति अर्टिगा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने के दौरान कार को रोक लिया गया। कार रुकते ही एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी में कार से गांजे के पैकेट मिले। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार केवट निवासी शहडोल (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने कार समेत करीब 1.30 करोड़ रुपए का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर फरार साथी और मुख्य सरगना की तलाश की जा रही है।

