नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। हालांकि वे किस विषय पर बोलेंगे, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री संसद में हाल ही में हुए घटनाक्रम, महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे और आगामी राजनीतिक रणनीति पर अपनी बात रख सकते हैं। शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण से संबंधित संविधान (131वां संशोधन) बिल पारित नहीं हो सका था। इस बिल में लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा गया था। मतदान में बिल के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि पारित होने के लिए आवश्यक संख्या नहीं जुट सकी।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक में कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन न कर राजनीतिक भूल की है। गौरतलब है कि पिछले 12 वर्षों में यह पहला अवसर बताया जा रहा है, जब केंद्र सरकार सदन में कोई महत्वपूर्ण बिल पारित नहीं करा सकी। अब इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री के संबोधन को लेकर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं।

