उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सौंपा चेक, राज्य में पहली बार किसी खिलाड़ी को दी गई है इतनी बड़ी प्रोत्साहन राशि
कबड्डी विश्वकप के फाइनल में भारत को मिले 35 प्वाइंट्स में से 16 प्वाइंट्स अकेले संजू ने दिलाए थे
छत्तीसगढ़ की बेटी का शानदार प्रदर्शन छत्तीसगढ़ का मान-सम्मान व गौरव बढ़ाने वाला, उनकी उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों को भी करेगी प्रेरित : अरुण साव
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत को कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ के कोरबा की होनहार खिलाड़ी संजू देवी को राज्य शासन ने 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया है। यह प्रदेश के इतिहास में पहली बार है, जब किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी राशि प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की गई है।


उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में संजू देवी को चेक सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने बिलासपुर के चिंगराजपारा कबड्डी क्लब को कबड्डी मैट भी प्रदान किया। समारोह में खेल विभाग के अधिकारी, कबड्डी संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। संजू देवी ने पिछले वर्ष नवंबर में बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्वकप में शानदार प्रदर्शन कर देश को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके दमदार खेल को देखते हुए उन्हें पूरे टूर्नामेंट का मोस्ट वेल्युबल प्लेयर चुना गया। विश्वकप फाइनल में भारत को मिले कुल 35 अंकों में से 16 अंक अकेले संजू देवी ने दिलाए थे। इसके अलावा सेमीफाइनल और अन्य मुकाबलों में भी उन्होंने निर्णायक समय पर शानदार खेल दिखाकर भारत की जीत सुनिश्चित की थी।
एशियन चैंपियनशिप में भी चमकीं संजू
विश्वकप से पहले मार्च 2025 में ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी संजू देवी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। वहां भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया। संजू देवी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं। कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली 23 वर्षीय संजू देवी एक साधारण श्रमिक परिवार से आती हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने जुनून, मेहनत और संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित बिलासपुर के बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। यही प्रशिक्षण आगे चलकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले गया।
संजू ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। संजू देवी ने अपने बेहतरीन खेल से देश को दो-दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक दिलाकर प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जब राज्य में ऐसी प्रतिभाएं हों, तो उन्हें आगे बढ़ाना सरकार की जिम्मेदारी बनती है। संजू देवी की उपलब्धियां प्रदेश की बेटियों और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
खिलाड़ियों को मिलेगा पूरा प्रोत्साहन
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार बड़े आयोजन करा रही है। हाल ही में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी की गई, वहीं बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने बजट में पर्याप्त प्रावधान किए हैं, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन मिल सके।
लगातार अच्छे प्रदर्शन से मिली भारतीय टीम में जगह
संजू ने अपने गांव केराकछार से कबड्डी विश्व कप तक के सफर के बारे में बताया कि उन्होंने जनवरी-2024 में कोलकाता में आयोजित ईस्ट जोन इंटरयुनिवर्सिटी टूर्नामेंट में और जनवरी-2025 में भटिंडा में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में बिलासपुर विश्वविद्यालय की ओर से तथा विशाखापट्टनम, तमिलनाडु, नागपुर, महासमुंद और भजियापार (महाराष्ट्र) के ऑल इंडिया टूर्नामेंट में राज्य की ओर से भागीदारी की है। वर्ष-2024 में छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ द्वारा आयोजित चयन स्पर्धा में अच्छे प्रदर्शन के फलस्वरूप इंडिया कैंप के लिए संजू का चयन हुआ। इंडिया कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ईरान में हुए एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप के लिए उन्हें भारतीय टीम में स्थान मिला। इसमें लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण उन्हें महिला कबड्डी वर्ल्ड कप की टीम में भी शामिल किया गया। वे भारतीय टीम के लिए गांधी नगर और सोनीपत में आयोजित चार कैंपों में शामिल हो चुकी हैं
मुख्यमंत्री ने महिला कबड्डी विश्वकप की खिलाड़ी संजू देवी को दी बधाई

