कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में सार्थक पहल साबित हुआ। जिले के शहरी और दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें कलेक्टर कुणाल दुदावत के समक्ष रखीं।

कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में वृद्धावस्था पेंशन, भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण, खाद्यान्न भंडारण, वनाधिकार पट्टा, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए। वृद्धावस्था पेंशन के प्रकरणों पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ देने के निर्देश दिए। भूमि नक्शा, सीमांकन और नामांतरण जैसे मामलों में एसडीएम और राजस्व अधिकारियों को अनावश्यक देरी न करने की हिदायत दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आवेदनों पर शीघ्र परीक्षण कर पात्र लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। वहीं पंडित दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के आवेदनों में ई-केवाईसी प्रक्रिया जल्द पूरी कर लाभ दिलाने को कहा गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कुदमुरा घटना के प्रभावित परिवार को सहायता
सहकारी समिति कुदमुरा क्षेत्र में हाथी के हमले में मृत सुरेश राजपूत के परिजनों द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित विभाग को नियमानुसार मुआवजा और अन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बिजली बिल सुधार और विद्युत लाइन शिफ्टिंग से जुड़े मामलों में भी संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही कर नागरिकों को राहत देने को कहा गया। कलेक्टर दुदावत ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त हर आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर शासन के नियमों के अनुसार पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाया जाए और निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनदर्शन में 113 आवेदन प्राप्त, बिजली बिल सुधार की समस्याओं से राहत दिलाने कलेक्टर ने दिए निर्देश

