बेंगलुरू (एजेंसी)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में विराट कोहली ने एक बार फिर अपने बल्ले का दम दिखाया और 81 रन की बेहतरीन पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई।

किंग कोहली ने अपनी इस शानदार पारी में आईपीएल इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया। वह टूर्नामेंट में 800 चौके लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही उन्होंने 300 छक्कों का आंकड़ा भी छू लिया। अब वह आईपीएल में 9000 रन पूरे करने से सिर्फ 11 रन दूर हैं। बेंगलुरु ने अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह आरसीबी की इस मैदान पर 50वीं जीत रही, जिससे टीम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की।
सांई सुंदर्शन ने लगाया शतक
गुजरात टाइटंस की ओर से साई सुदर्शन ने शानदार शतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान आईपीएल में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी बनाया। सुदर्शन ने यह उपलब्धि केवल 47 पारियों में हासिल की। शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच पहले विकेट के लिए 128 रन की शानदार साझेदारी हुई। दोनों के बीच यह आईपीएल की 8वीं शतकीय साझेदारी रही।
शून्य पर छूटा विराट कोहली का कैच
मैच में कई रोमांचक पल देखने को मिले। विराट कोहली का कैच शून्य पर छूट गया, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और मैच जिताऊ पारी खेली। वहीं साई सुदर्शन ने क्रुणाल पंड्या की बाउंसर पर एक हाथ से शानदार छक्का जड़कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विराट के दमदार प्रदर्शन और टीम की बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते आरसीबी ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ बेंगलुरु की टीम ने अंक तालिका में भी मजबूत स्थिति बना ली है।

