कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के उरगा गुमिया के पास भारतमाला मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में आईसीआईसीआई बैंक के एक कर्मचारी की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अचानक सामने आए मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मृतक की पहचान पुरानी बस्ती दुरपा रोड निवासी प्रज्वल राठौर (26) के रूप में हुई है। वह आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत थे और मूल रूप से सक्ती क्षेत्र के रहने वाले थे। पिछले कई वर्षों से कोरबा में रहकर नौकरी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि प्रज्वल किसी परिचित को देखने रायपुर स्थित अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान भारतमाला मार्ग पर अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया, जिससे कार सीधे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मवेशी की भी मौके पर मौत हो गई। कार के एयरबैग खुलने के बावजूद चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल प्रज्वल को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

