कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम फरसवानी के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी सोनी परिवार शादी समारोह में शामिल होने चांपा गया था। देर रात लगभग 2 बजे परिवार के सदस्य कार से वापस कोरबा लौट रहे थे। इसी दौरान फरसवानी टोल नाका के आगे उनकी कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, इसके बाद पलटते हुए सड़क किनारे खड़े हाइवा वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और ढाई वर्षीय मासूम प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य तीन घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो की स्थिति सामान्य है। सभी घायलों का इलाज एनकेएच अस्पताल में जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।

