उद्योग मंत्री ने ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक, रिसदा से रिसदी, दर्री बैराज से बरमपुर चौक सहित हरदीबाजार-तरदा-इमलीछापर मार्ग के निर्माण का किया भूमिपूजन
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के स्थापना दिवस एवं सुशासन तिहार के अवसर पर कोरबा वासियों को बेहतर आवागमन सुविधा की दिशा में बड़ी सौगात मिली। उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम विभाग मंत्री लखनलाल देवांगन ने दर्री बैराज स्थित मेजर ध्यानचंद चौक में आयोजित कार्यक्रम में जिले की बहुप्रतीक्षित सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम के दौरान करीब 29 करोड़ 42 लाख 96 हजार रुपये की लागत से ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक 2.84 किलोमीटर सीमेंट कंक्रीटीकरण सड़क, रिसदा चौक से रिसदी चौक तक 2.90 किलोमीटर मार्ग, 83 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दर्री बैराज से बरमपुर चौक तक 7.56 किलोमीटर सड़क तथा 230 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक की लागत से हरदीबाजार-तरदा-सर्वमंगला-इमलीछापर मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में यातायात व्यवस्था मजबूत होने के साथ आवागमन सुगम होने की उम्मीद जताई जा रही है। मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा वासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने बताया कि भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा, जिससे जिले में सड़कों का जाल बिछेगा और आवागमन में सुधार आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया था और अब उन्हें भूमिपूजन करने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की आधारभूत आवश्यकता हैं तथा इनके निर्माण से यातायात का दबाव कम होगा, दूरी घटेगी और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। मंत्री ने बताया कि जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से सड़क, पुल-पुलिया, आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन तथा स्वास्थ्य केंद्र जैसे अनेक अधोसंरचना कार्यों को स्वीकृति दी गई है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। शहर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए 36 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत एवं सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि जिले में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और सड़क निर्माण से नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि यह केवल सड़क निर्माण का भूमिपूजन नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य और मजबूत अधोसंरचना की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि डीएमएफ की 30 प्रतिशत राशि आवागमन सुधार के कार्यों पर व्यय की जा रही है। लोक निर्माण विभाग के ईई जी आर जांगड़े ने स्वीकृत सड़कों की जानकारी देते हुए सभी निर्माण कार्य समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने की बात कही। कार्यक्रम में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने बालको कूलिंग टॉवर से रिस्दा पुल तक नाली निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

