रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जनवरी माह में धमतरी में आयोजित भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती के विभिन्न पदों का परिणाम घोषित कर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के 1163 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। चयनित उम्मीदवारों की सूची 25 मई 2026 को जारी की गई।
परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) तथा सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किए गए हैं, जहां अभ्यर्थी अपनी चयन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सभी सफल अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे 28 मई 2026 को सुबह 7 बजे अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय में उपस्थित हों। यह कार्यालय शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप स्थित है, जहां चयनित उम्मीदवारों को प्रारंभिक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे।
भारतीय सेना ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं योग्यता आधारित बताते हुए उम्मीदवारों को दलालों तथा भ्रामक गतिविधियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय नया रायपुर से दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं।

