मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल का बिगुल: जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज, टीपी नगर में भाजपा जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाकर आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही जून माह में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा से भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया। केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर मुख्य वक्तव्य जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन द्वारा प्रस्तुत किया गया। बैठक में आगामी जनसंपर्क अभियान की रणनीति तय करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और घर-घर संपर्क कर योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी, जोगेश लांबा, मीना शर्मा, पूर्व विधायक रामदयाल उईके सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा ने किया।
बैठक में 31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम मन की बात को बूथ स्तर पर अधिकतम संख्या में सुनने का आह्वान किया गया। इसके साथ ही जून माह में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, विकसित भारत संकल्प अभियान, प्राकृतिक खेती कार्यशाला, योग कार्यक्रम तथा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा पदाधिकारी, प्रकोष्ठ संयोजक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

