कोयला उत्पादन, सुरक्षा, पर्यावरण और डिजिटलीकरण पर जोर, इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक हेमेटोलॉजी यूनिट का लोकार्पण
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने एक दिवसीय दौरे के दौरान साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उत्पादन, सुरक्षा, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और डिजिटलीकरण को लेकर कंपनी की कार्यप्रणाली पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आधारभूत संरचना और अस्पताल प्रबंधन से जुड़े डिजिटल पोर्टलों का शुभारंभ करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्याधुनिक हेमेटोलॉजी यूनिट का लोकार्पण भी किया।

एसईसीएल मुख्यालय पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री ने कोयला श्रमिक स्मारक पर माल्यार्पण कर कोयला श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र निर्माण तथा ऊर्जा सुरक्षा में उनके योगदान को नमन किया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में कोयला उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, कोल गैसीफिकेशन, माइन क्लोजर, पर्यावरणीय पहलों, सीएसआर गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मचारियों की उपस्थिति में केंद्रीय मंत्री ने सुरक्षित एवं सतत खनन को बढ़ावा देने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा तथा पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। साथ ही सीएसआर के जरिए कोयलांचल क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। लोकार्पण के बाद मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं होगी प्रभावी
बैठक के दौरान डिजिटल परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंत्री ने ई-डाडास (डिजाइन एंड ड्रॉइंग्स अप्रूवल इन एसईसीएल) पोर्टल तथा हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) पोर्टल का शुभारंभ किया। इन पोर्टलों के माध्यम से आधारभूत संरचना परियोजनाओं की डिजाइन एवं ड्रॉइंग अनुमोदन प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जाएगा, वहीं अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं, मरीज रिकॉर्ड प्रबंधन और चिकित्सा निगरानी को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जाएगा।
कोल उत्पादन में एसईसीएल का 26.86 मिलियन टन का योगदान
इस अवसर पर हरीश दुहन ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कोल इंडिया लिमिटेड के 100 मिलियन टन उत्पादन में एसईसीएल ने 26.86 मिलियन टन योगदान देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में एसईसीएल देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइजर यूनिट का लोकार्पण
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइजर यूनिट का लोकार्पण किया। यह मशीन संक्रमण और विभिन्न बीमारियों की अधिक सटीक जांच करने में सक्षम होगी तथा स्वचालित प्रणाली के माध्यम से तेज, सटीक और त्रुटिरहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी। इससे अस्पताल और प्रयोगशाला सेवाओं की गति और गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद जताई गई।
एसईसीएल का उत्पादन 167.7 एमटी पर पहुंचा, ऑफटेक में 171.3 एमटी दर्ज कर पिछले वर्ष को छोड़ा पीछे

