01 जून को निर्वाचन क्षेत्रों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के तहत जिन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होना है, वहां 01 जून, सोमवार को सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश रहेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।

          जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की समय-सारिणी के तहत जिले में नगरीय निकाय और पंचायत उप निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जानी है। मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में सुविधा उपलब्ध कराने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में अवकाश घोषित किया गया है। जारी आदेश में बताया गया है कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग, भारत सरकार गृह मंत्रालय की अधिसूचनाओं तथा परिक्राम्य लिखित अधिनियम (निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) 1881 की धारा-25 के तहत प्रदत्त शक्तियों के उपयोग से लिया गया है। उप निर्वाचन के तहत जिले में कुल 11 रिक्त पदों पर मतदान कराया जाएगा। इनमें सरपंच का 01 पद, पंच के 06 पद, पार्षद का 01 पद तथा जनपद पंचायत सदस्य के 03 पद शामिल हैं।

          नगरीय निकाय उप निर्वाचन अंतर्गत नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद पद के लिए मतदान होगा। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत करतला विकासखंड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24, पाली के क्षेत्र क्रमांक 15 और पोड़ी उपरोड़ा के क्षेत्र क्रमांक 18 में जनपद सदस्य पद हेतु वोट डाले जाएंगे। इसके अतिरिक्त करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए मतदान कराया जाएगा। पंच पदों के लिए विकासखंड कोरबा के ग्राम अखरापाली (वार्ड-09), रजगामार (वार्ड-01), करतला के ग्राम लबेद (वार्ड-04), बरकोना (वार्ड-03), कटघोरा के ग्राम कसईपाली (वार्ड-10) तथा झाबर (वार्ड-01) में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी।

          कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक और सामान्य अवकाश केवल उन्हीं क्षेत्रों एवं वार्डों में प्रभावी होगा, जहां 01 जून को मतदान होना है। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेकर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की अपील की है।

          जल्द शुरू होगी सीएम हेल्पलाइन, शिकायतों का होगा समयबद्ध समाधान : कलेक्टर दुदावत

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related