मुख्यमंत्री बोले- मेहनत जारी रखिए, जल्द ‘करोड़पति दीदी’ भी बनेंगी
जशपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सुशासन तिहार-2026 के तहत जशपुर जिले के वनांचल ग्राम चंदागढ़ के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संवेदनशील और सहज व्यवहार उस समय देखने को मिला, जब उन्होंने अचानक गांव की एक महिला उद्यमी सुमिला कोरवा की किराना दुकान पर पहुंचकर न केवल उनका हालचाल जाना, बल्कि उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से चंदागढ़ पहुंचने के बाद सीधे सुमिला कोरवा की दुकान पहुंचे। मुख्यमंत्री को अचानक सामने देखकर सुमिला भावुक हो उठीं और पारंपरिक तरीके से लौंग-इलायची खिलाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सुमिला से बातचीत कर उनके संघर्ष और आत्मनिर्भरता की कहानी जानी। सुमिला ने बताया कि उन्होंने मुद्रा योजना के तहत एक लाख रुपये का ऋण लेकर किराना दुकान शुरू की थी। वर्तमान में दुकान में दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ फोटोकॉपी मशीन और फ्रिज की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिल रही हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुकान से ठंडा पानी और फलाहारी चिवड़ा खरीदा तथा स्वयं भुगतान किया। सुमिला द्वारा पैसे लेने से मना करने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनत की कमाई का सम्मान होना चाहिए और उसका मूल्य अवश्य स्वीकार करना चाहिए। सुमिला ने बताया कि दुकान के अलावा उनका परिवार खेती-किसानी भी करता है तथा ट्रैक्टर और चारपहिया वाहन को किराये पर देकर अतिरिक्त आय अर्जित करता है। उनकी बेटी प्रियंका पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है और अवकाश के दौरान दुकान संभालने में सहयोग करती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुमिला की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत से ‘लखपति दीदी’ का मुकाम हासिल किया है और भविष्य में वे ‘करोड़पति दीदी’ भी बन सकती हैं। उन्होंने महिला आत्मनिर्भरता को ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला बताया।

