कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा और पर्यावरण संरक्षण मंडल की संयुक्त टीम ने गुरुवार को पुराने कोरबा स्थित इतवारी बाजार में औचक निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान चार प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग एवं डिस्पोजल सामग्री का भंडारण और उपयोग पाए जाने पर कुल 13 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने गौरव ट्रेडर्स, कोरबा डिस्पोजल, सागर ट्रेडर्स और शुभम प्लास्टिक प्रतिष्ठानों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। अधिकारियों ने संबंधित व्यापारियों को चेतावनी देते हुए भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, बिक्री और भंडारण से परहेज करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। निगम की टीम विभिन्न दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी के नेतृत्व में निगम अमले एवं पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों ने यह संयुक्त कार्रवाई की। अभियान में पर्यावरण अधिकारी रोहित सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
आयुक्त की अपील
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों एवं व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग और डिस्पोजल सामग्री का उपयोग नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री न केवल पर्यावरण और स्वच्छता व्यवस्था के लिए हानिकारक है, बल्कि पशुओं और मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने व्यापारियों से वैकल्पिक पर्यावरण अनुकूल सामग्री अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

