बिलासपुर में आकार ले रहा अत्याधुनिक एजुकेशन हब, मुख्यमंत्री साय ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार 2026 के तहत बिलासपुर प्रवास के दौरान मधुबन-जूना बिलासपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन नालंदा परिसर एवं एजुकेशन हब का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

          https://dprcg.gov.in/post/1780595767/Raipur-Chief-Minister-Shri-Vishnudev-Sai-inspected-the-under-construction-Nalanda-campus-and-education-hub-in-Bilaspur

          मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी तथा बिलासपुर को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है और राज्य सरकार युवाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। करीब 13 एकड़ शासकीय भूमि पर 120 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस अत्याधुनिक एजुकेशन हब में नालंदा डिजिटल पब्लिक लाइब्रेरी, 300-300 सीट क्षमता वाले बालक एवं बालिका छात्रावास, आधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। एक ही परिसर में अध्ययन, आवास और शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण प्रदान करेगी। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

          युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला ज्ञान केंद्र

          अधिकारियों ने बताया कि परिसर में 48 बड़े रेंटल हॉल भी बनाए जा रहे हैं, जिससे नगर निगम को दीर्घकालिक आय का स्रोत प्राप्त होगा। पीपीपी मॉडल पर विकसित की जा रही यह परियोजना वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर होगी और नगर निगम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डालेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा परिसर एवं एजुकेशन हब केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला ज्ञान केंद्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद बिलासपुर की पहचान राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख शैक्षणिक और प्रतियोगी परीक्षा तैयारी केंद्र के रूप में स्थापित होगी।

          अबूझमाड़ के गारपा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जन चौपाल में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related