स्वास्थ्य केंद्र, सड़क, पुलिया और पुलिस थाना सहित कई विकास कार्यों की घोषणा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड स्थित अबूझमाड़ अंचल के ग्राम गारपा पहुंचे। यहां आयोजित जन चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक विकास से वंचित रहे अबूझमाड़ क्षेत्र में अब विकास की नई गाथा लिखी जा रही है और सरकार दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी अंचलों और बस्तर क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। कार्यक्रम में राज्य सहकारी लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
क्षेत्र को मिली विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने गारपा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें ग्राम गारपा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, तुमेराड़ी में दो पुलियों का निर्माण, गारपा में एक किलोमीटर सीसी सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र की बाउंड्रीवाल, उप स्वास्थ्य केंद्र से राजकुमार के खेत तक सड़क निर्माण, मसपुर में मुख्य मार्ग से गुडरापारा तक सड़क निर्माण तथा आश्रम शाला गारपा में बाउंड्रीवाल निर्माण शामिल है। इसके साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए गारपा में पुलिस थाना खोलने की घोषणा भी की गई।
महिलाओं और किसानों से की चर्चा
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद किया। महिलाओं ने बताया कि योजना से प्राप्त राशि का उपयोग वे घरेलू जरूरतों के साथ बेटियों के भविष्य के लिए बचत में कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से कृषि, सिंचाई, पशुपालन एवं आजीविका के विषय में भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पशुपालन एवं अन्य गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताई बदली तस्वीर
संवाद के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पहले राशन प्राप्त करने के लिए उन्हें लगभग 40 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब शासन की पहल से सुविधाएं गांवों के करीब पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों की स्थिति की भी जानकारी ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयत्नों से चावल उपार्जन लक्ष्य में 8 लाख मीट्रिक टन की वृद्धि

