कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने दर्री जोन के वार्ड क्रमांक 54 में 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य संपादित कर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा संचालित विकास कार्यों के तहत वार्ड क्रमांक 54 में कुमगरी मुख्य चौक से पंडाल होते हुए प्राथमिक शाला कुमगरी तक सड़क डामरीकरण किया जाएगा। मंत्री ने शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कर नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में नगर निगम कोरबा क्षेत्र में विभिन्न मदों से लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें अनेक परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि कई कार्य प्रगति पर हैं और शेष कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 54 में अब तक 93 लाख रुपये के विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, वहीं करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण के कार्य प्रस्तावित हैं, जिन्हें डामर की उपलब्धता के अनुसार चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, फिरतराम साहू, चंद्रलोक सिंह, किशन केंवट, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उद्योग मंत्री ने जो वायदा किया था, वह पूरा किया
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए राज्य के विकास में उनके योगदान की भी सराहना की। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मुकुंद सिंह कंवर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान मंत्री देवांगन ने जर्जर सड़क के डामरीकरण का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने वार्ड में कराए गए विकास कार्यों के लिए मंत्री और महापौर संजू देवी राजपूत का आभार जताया।
बालको का सामुदायिक विकास कार्य सराहनीय : मंत्री लखनलाल देवांगन

