कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और कबाड़ डंप करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में राताखार बस्ती में सड़क किनारे सार्वजनिक स्थल पर कबाड़ सामग्री फैलाकर गंदगी करने के मामले में निगम ने संबंधित व्यक्ति पर 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया तथा राशि वसूल की।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर के सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, नालियों और अन्य स्थानों पर गंदगी फैलाने, कबाड़ एवं निर्माण सामग्री डंप करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि राताखार बस्ती में सड़क किनारे बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री डंप किए जाने से आसपास गंदगी फैल रही थी। शिकायत मिलने पर वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक सुनील वर्मा एवं वार्ड पार्षद आनंद सिंह राठौर के नेतृत्व में निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान संबंधित व्यक्ति पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और कबाड़ सामग्री तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। निगम की टीम ने पुराने कोरबा स्थित ओवरब्रिज के नीचे बनाए गए वाहन पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से दुकान का सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की। निगम अमले ने चालान काटते हुए सामग्री तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त की अपील
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क, नाली और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कबाड़, कचरा, निर्माण सामग्री अथवा सी एंड डी वेस्ट डंप न करें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। निगम द्वारा ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी।
बल्क वेस्ट जनरेटर खुद संभालें अपना कचरा, निगम ने जारी किए सख्त निर्देश

