रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन क्षेत्र अंतर्गत चारमार गांव के पास सोमवार देर रात एक हाथी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हाथी को बचाने के लिए वन विभाग और डॉक्टरों की टीम ने पूरी रात उपचार किया, लेकिन मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हाथियों का एक दल रेलवे ट्रैक पार कर जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मालगाड़ी की टक्कर से करीब 5 वर्षीय हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी कमर और शरीर के पिछले हिस्से में गहरी चोटें आई थीं, जिसके कारण वह उठने की स्थिति में नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। चिकित्सकों की टीम को बुलाकर तत्काल इलाज शुरू कराया गया। पूरी रात हाथी को बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई और मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वन विभाग ने हाथी के शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के ग्रामीणों को जंगल क्षेत्र में सतर्क रहने और हाथियों के झुंड से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

