कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माण पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता पर हमले की जांच के दौरान रज्जाक अली का नाम सामने आने के बाद प्रशासन ने उनके निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। जांच में निर्माण नियमों के विपरीत पाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।रविवार को प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इस कार्रवाई के बाद शहर में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

