मुंबई (एजेंसी)। बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा कॉल कर उनसे 20 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। कॉल करने वाले ने चेतावनी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो इस बार निशाना उनके घर पर नहीं बल्कि सीधे रोहित शेट्टी पर साधा जाएगा। घटना के बाद फिल्म जगत में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

मिली जानकारी के अनुसार रोहित शेट्टी के स्टाफ को करीब 90 सेकेंड का एक ऑडियो संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस सक्रिय हो गई और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में इस मामले के तार कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ऑडियो संदेश में शुभम लोणकर नामक आरोपी की आवाज हो सकती है, जो वर्ष 2024 में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और इस वर्ष की शुरुआत में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में वांछित है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
नए शो को लेकर भी चर्चा में रोहित शेट्टी
गौरतलब है कि 1 फरवरी को देर रात रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर पांच राउंड फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गिरोह ने ली थी। बाद में पुलिस ने मामले में आरोपी दीपक शर्मा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने सोशल मीडिया के माध्यम से गिरोह से प्रभावित होकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। वहीं कामकाज की बात करें तो रोहित शेट्टी इन दिनों अपने चर्चित स्टंट आधारित रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी के नए सीजन को लेकर चर्चा में हैं। यह कार्यक्रम 25 जुलाई से प्रसारित होगा, जिसमें कई चर्चित कलाकार नजर आएंगे।

