कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने रामपुर स्थित निर्माणाधीन नवीन महाविद्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए महाविद्यालय भवन का निर्माण अप्रैल 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए। इसके बाद कलेक्टर ने मुख्य मार्ग स्थित नवीन आंगनबाड़ी केंद्र, बनियापारा नोनबिर्रा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, बच्चों के लिए की गई व्यवस्थाओं और संचालन व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सहकारी समिति पहुंच खाद-बीज की उपलब्धता परखी

कलेक्टर ने करतला विकासखंड के तिलकेजा स्थित सहकारी समिति का निरीक्षण कर किसानों के लिए उपलब्ध खाद-बीज की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने समिति प्रबंधक से खाद, बीज, नैनो उर्वरकों के वितरण और समिति से जुड़े किसानों की संख्या की जानकारी लेते हुए कृषि आदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और खाद-बीज वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें समय पर बिना किसी परेशानी के खाद, बीज और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो रही है। इस पर कलेक्टर ने किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर कलेक्टर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने आंवले का पौधा रोपा।
शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण : कलेक्टर दुदावत

