अतिवृष्टि व बाढ़ से निपटने नगर निगम अलर्ट, आयुक्त ने अधिकारियों को दिए युद्धस्तर पर राहत कार्य के निर्देश

      Date:

      • जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, कंट्रोल रूम सक्रिय, सेल्टर सेंटरों में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नगर पालिक निगम कोरबा ने आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम मुख्यालय साकेत भवन में सभी जोन कमिश्नरों एवं मैदानी अधिकारियों की बैठक लेकर अतिवृष्टि, बाढ़ नियंत्रण, राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाते हुए सभी आवश्यक कार्य युद्धस्तर पर संपादित किए जाएं तथा स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाए।

          आयुक्त आशुतोष पाण्डेय

          आयुक्त ने कहा कि मानसून के सक्रिय होने के साथ ही शहर के कई निचले इलाकों एवं बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन रही है। ऐसे क्षेत्रों में निगम की टीमें लगातार भ्रमण करें और जहां भी पानी भरने की सूचना मिले, वहां तत्काल मोटर पंप एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से जल निकासी सुनिश्चित करें। यदि किसी क्षेत्र में पानी लोगों के घरों तक पहुंचता है तो प्रभावित परिवारों का तत्काल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित सेल्टर सेंटरों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे 24 घंटे सतर्क रहें तथा रात्रि के समय भी अपने मोबाइल फोन चालू रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित कर राहत कार्य शुरू किया जा सके।

          कंट्रोल रूम सक्रिय

          आपदा प्रबंधन के लिए नगर निगम कार्यालय साकेत भवन में मुख्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 07759-226672 निर्धारित किया गया है। यहां तीन पालियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। आयुक्त ने निर्देश दिए कि नियंत्रण कक्ष एवं सभी जोन कार्यालयों में मजदूर, मोटर पंप, हवा भरे ट्यूब, रस्सी, टॉर्च सहित आवश्यक संसाधन चौबीसों घंटे उपलब्ध रहें। साथ ही शहर के गोताखोरों की सूची एवं संपर्क विवरण भी तैयार रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल बुलाया जा सके।

          विभिन्न स्थानों पर बनाए गए सेल्टर सेंटर

          संभावित बाढ़ प्रभावित नागरिकों के लिए निगम क्षेत्र में कई स्थानों पर अस्थायी सेल्टर सेंटर बनाए गए हैं। इनमें सीतामणी, मिशन रोड, रानी गेट, लालघाट, अंबेडकर स्कूल, जोगियाडेरा, कबीर भवन, सुमेधा स्कूल, एसईसीएल स्कूल तथा प्रेमनगर स्थित शासकीय विद्यालय शामिल हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम को भी मुख्य राहत शिविर के रूप में उपयोग किया जाएगा।

          भोजन, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की रहेगी व्यवस्था

          आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सेल्टर सेंटरों में पेयजल, बिजली, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। प्रभावित लोगों के भोजन की व्यवस्था औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से की जाएगी। स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी एवं संबंधित जोन के स्वच्छता निरीक्षकों को सौंपी गई है।

          लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश

          बैठक में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर टीएल, निगम टीएल, जनचौपाल, पीएमओ पीजी, जनशिकायत, महापौर की पाती तथा ‘कनेक्ट टू कमिश्नर’ के तहत प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

          सेवानिवृत्ति नौकरीपेशा व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव : आयुक्त आशुतोष पाण्डेय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related