हादसे के बाद ग्रामीणों का चक्काजाम, पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर शुरू की जांच
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित डेंगूनाला पुल के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को डायल-112 की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोयला लदे ट्रेलर (CG 12 BG 2932) और मोटरसाइकिल (CG 10 CB 2635) के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवतियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। समाचार लिखे जाने तक मृतक युवतियों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और ट्रेलर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रिंग रोड पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
कटघोरा में भालूमोड़ के पास भीषण सड़क हादसा, दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत

