कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक ट्रेलर की केबिन में बुरी तरह फंस गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह के समय दोनों ट्रेलर विपरीत दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और नियंत्रण बिगड़ने के कारण दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। चालक ट्रेलर के क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की सहायता से केबिन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृत चालक की पहचान कर उसके परिजनों और वाहन मालिक को हादसे की जानकारी दे दी है। परिजनों के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद दूसरे ट्रेलर का चालक अपना वाहन घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
फरार चालक पर दर्ज होगा मामला
कटघोरा पुलिस फरार चालक और ट्रेलर की तलाश में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या तथा हिट एंड रन के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। वाहन नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी भी जुटाई जा रही है।घटना के बाद कटघोरा थाना पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग और व्यस्त सड़कों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें तथा लापरवाही से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

