चीखने-चिल्लाने, हाथ-पैर अकड़ने और बेहोशी के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती; जांच शुरू, मनोवैज्ञानिक टीम करेगी काउंसलिंग
दुर्ग-भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। भिलाई के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल (सेजेस) में पिछले तीन दिनों के दौरान कक्षा 9वीं-ए की आठ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। छात्राएं अचानक चीखने-चिल्लाने लगीं, कुछ के हाथ-पैर अकड़ गए, आंखों से आंसू निकलने लगे और कई छात्राएं बेहोश हो गईं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में अधिकांश छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, पहली घटना 9 जुलाई को हुई, जब पांच छात्राओं की तबीयत एक के बाद एक बिगड़ गई। इसके बाद 11 जुलाई को दो और तथा फिर एक अन्य छात्रा में भी इसी तरह के लक्षण दिखाई दिए। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में किसी गंभीर शारीरिक बीमारी की पुष्टि नहीं की। एक छात्रा में सिकल सेल से जुड़ी समस्या सामने आई, जबकि अन्य सभी की रिपोर्ट सामान्य रही। घटना के बाद जिला शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्राओं की काउंसलिंग के लिए मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों की टीम भी बुलाई गई है। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन ने कक्षा 9वीं-ए का कमरा बदल दिया है और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा बच्चों का मनोबल बढ़ाने की अपील की है।
फंड की कमी से जूझ रहे स्कूल, आत्मानंद विद्यालयों में पहली बार लगेगा प्रवेश शुल्क

