5 नाबालिग चालकों के परिजनों पर चालान, 8 मॉडिफाइड और 27 नो-पार्किंग वाहनों पर भी कार्रवाई
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में दो दिवसीय विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों और यातायात इकाइयों ने संयुक्त रूप से अभियान संचालित करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच चौकियां लगाई गईं। पुलिस टीमों ने वाहनों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नंबर प्लेट तथा मॉडिफाइड वाहनों की जांच की। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई। जांच के दौरान 60 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा-185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 5 नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 मॉडिफाइड वाहनों तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 27 वाहनों पर भी चालान किया।
किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार और सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें, क्योंकि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकती है।

