कोरबा में अवारा कुत्तों का आतंक, 5 वर्षीय मासूम को नोच- नोच कर उतारा मौत के घाट

      Date:

      • दादर क्षेत्र में मातम, घर लौटते समय कुत्तों के झुंड ने बनाया शिकार 

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर इलाके में गुरुवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 5 वर्षीय मासूम को नोच- नोचकर मौत के घाट उतारा दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। स्थानीय नागरिकों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर तत्काल नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5 वर्ष) के रूप में हुई है। वह किशोर पटेल का पुत्र था और पहली कक्षा में पढ़ाई करता था। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है तथा वर्तमान में दादर क्षेत्र में मजदूरी कर अपना जीवन-यापन कर रहा है।

          जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब चार बजे प्रकाश अपने पिता से मिलने उस स्थान पर पहुंचा, जहां वे मजदूरी कर रहे थे। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने मासूम को जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पिता मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर उसे बचाया। गंभीर हालत में प्रकाश को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे के सिर, गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव थे। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

          शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

          इस हृदयविदारक घटना के बाद दादर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। इससे पहले भी कई राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन तथा नगर निगम से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकडऩे और उनकी बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।

          आवारा कुत्तों के हमले में घायल चीतल की मौत, वन विभाग ने कराया अंतिम संस्कार

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related