दंतेवाड़ा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते एक पूर्व सरपंच ने अपनी दूसरी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को घर के पीछे फेंककर फरार हो गया। करीब छह दिन बाद शव से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मामला उजागर किया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, मृतका झुमकी कुंजाम (35) अपने पति लक्ष्मण कुंजाम (36) के साथ रह रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति को लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, 17 जुलाई को दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने घर में मौजूद धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को घर के पीछे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
छह दिन बाद बदबू से चला पता
शव कई दिनों तक घर के पीछे पड़ा रहा। जब आसपास दुर्गंध फैलने लगी तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सबसे पहले संदेह पति पर गया, क्योंकि घटना के बाद से वह गायब था। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पहली पत्नी की हो चुकी थी मौत
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण कुंजाम की पहली पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जिससे उसके चार बच्चे हैं। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने झुमकी कुंजाम से दूसरी शादी की थी। घटना के समय बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पत्नी के चरित्र पर संदेह के कारण हत्या करने की बात स्वीकार की है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विस्तृत जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

