महापौर एवं आयुक्त ने पशुपालकों से की अपील, सड़कों पर विचरण हेतु न छोड़े मवेशी, आमजन को होती है परेशानी
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर की सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों को हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पिछले एक माह के दौरान निगम की टीम ने 65 से अधिक मवेशियों को काऊ कैचर की मदद से सुरक्षित पकड़कर गोकुलनगर स्थित गोठान पहुंचाया है। इस दौरान मौके पर मिले पशुपालकों को भी मवेशियों को सड़क पर खुला न छोड़ने की सख्त समझाइश दी गई।
सड़कों पर खुले घूमने वाले मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इससे यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों के साथ-साथ स्वयं मवेशियों की जान भी जोखिम में रहती है। इसी को देखते हुए निगम प्रतिदिन अभियान चलाकर मवेशियों को सुरक्षित गोठान पहुंचा रहा है, जहां उनके लिए चारा, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। महापौर संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने पशुपालकों एवं डेयरी संचालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को सड़कों पर खुला न छोड़ें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से यातायात व्यवस्था बाधित होती है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही मवेशियों के घायल होने का भी खतरा बना रहता है।
आयुक्त ने अभियान जारी रखने दिए निर्देश
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के मुख्य मार्गों, संपर्क सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अभियान लगातार जारी रखा जाए। खुले में घूमने वाले मवेशियों को सुरक्षित रूप से गोठान पहुंचाया जाए तथा वहां उनके लिए चारा, पैरा, स्वच्छ पेयजल और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

