कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्राओं ने छात्रावास की अधीक्षिका पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है। कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि अधीक्षिका उनसे हाथ-पैर की मालिश कराती हैं और मना करने पर मारपीट के साथ कार्रवाई की धमकी देती हैं। इससे वे लंबे समय से मानसिक तनाव में रह रही थीं। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज छात्राओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्राओं से अलग-अलग बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। प्रशासन की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में छात्राओं ने आंदोलन समाप्त किया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
मौके पर तहसीलदार विनय देवांगन, नायब तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. दयाल, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा प्रथम दृष्टया अधीक्षिका को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधीक्षिका ने आरोपों को बताया झूठा
वही छात्रावास की अधीक्षिका ने छात्राओं द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पदस्थापना के बाद उन्होंने छात्रावास में कई सुधारात्मक कार्य किए हैं। फिलहाल पूरा मामला प्रशासनिक जांच के दायरे में है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

