मुक्तिधाम में पालतू कुत्ते के अंतिम संस्कार पर विवाद, लोगों ने जताई आपत्ति

      Date:

      • परिवार ने कहा- घर के सदस्य की तरह था डॉग, सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई; केयरटेकर पर 2 हजार रुपए लेकर अनुमति देने का आरोप

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तोरवा थाना क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम में पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कुदुदंड क्षेत्र के एक परिवार ने अपने पालतू कुत्ते की मौत के बाद उसे परिवार के सदस्य की तरह मानते हुए मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया। इसकी जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए विरोध किया। मामला बढऩे पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराई।

          अंतिम संस्कार

          परिवार के मुताबिक उनका पालतू कुत्ता लंबे समय से उनके साथ रह रहा था और परिवार के सदस्य जैसा था। उसकी मौत के बाद परिवार भावुक था और उन्होंने सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई देने का फैसला किया। परिवार का कहना है कि अनुमति लेने के बाद ही कुत्ते का अंतिम संस्कार किया गया। किसी की धार्मिक भावना आहत करना उनका उद्देश्य नहीं था। वहीं स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने मुक्तिधाम में पशु का अंतिम संस्कार किए जाने पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि मुक्तिधाम इंसानों के अंतिम संस्कार के लिए है। यहां किसी पशु का दाह-संस्कार करना धार्मिक परंपराओं और स्थानीय जनभावनाओं के विपरीत है। वहीं वार्ड क्रमांक 41 के पार्षद मोती गंगवानी सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और मामले का विरोध किया।

          केयरटेकर पर 2 हजार रुपए लेने का आरोप

          स्थानीय लोगों ने मुक्तिधाम के केयरटेकर पर आरोप लगाया कि उसने कथित तौर पर 2 हजार रुपए लेकर पालतू कुत्ते के अंतिम संस्कार की अनुमति दी। उनका कहना है कि इसके लिए नगर निगम से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि मुक्तिधाम रेलवे के क्षेत्राधिकार में आता है, हालांकि यहां नगर निगम की ओर से चौकीदार की व्यवस्था की गई है। मामले को लेकर पार्षद मोती गंगवानी ने पुलिस में लिखित शिकायत भी दी है। उन्होंने मुक्तिधाम में पशु के अंतिम संस्कार को लेकर आपत्ति जताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।

          फिलहाल कार्रवाई की जरूरत नहीं

          एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि एक परिवार के पालतू कुत्ते की मौत हुई थी। परिवार के लोगों का उससे काफी भावनात्मक लगाव था, जिसके चलते वे उसे अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम ले गए और विधि-विधान से दाह-संस्कार किया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग और संगठन मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने आपत्ति जताई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी। फिलहाल मामला पुलिस कार्रवाई का नहीं है, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related